भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर ग्राम डेंगरापार के ग्रामीणों ने सरकारी फंड के बजाय सकारात्मक पहल करते हुए जनसहयोग व श्रमदान से मानस मंच तैयार किया है। ग्रामीणों के अनुसार मंच तैयार करने में लगभग 70 हजार रुपए खर्च हुआ है। 23 दिसंबर से काम की शुरुआत हुई थी, जो 27 दिसंबर को खत्म हुआ। इस तरह कुल 5 दिनों तक बारी-बारी से ग्रामीणों ने श्रमदान कर अच्छी पहल की। 27 दिसंबर तक काम पूरा कराने के बाद नवनिर्मित मंच में रविवार को ग्रामीणों व जनसहयोग से दो दिवसीय सस्वर मानस गान सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। रामायण समिति के संरक्षक शिवराज देवदास ने बताया कि जनसहयोग व श्रमदान से मंच तैयार करने के संबंध में पिछले साल से गांव स्तर पर चर्चा कर रहे थे। सरकारी या पंचायत फंड के बजाय डेंगरापार के ग्रामीणों व अन्य गांव के लोगों ने स्वेच्छा अनुसार जो राशि दी थी, उसका उपयोग मंच बनाने में हुआ है। भविष्य मंे शेड लगाने की प्लानिंग है। जनपद अध्यक्ष से इस संबंध में चर्चा हुई है। अगर शासन स्तर से राशि मिलने में देरी होगी तो जिस तरह जनसहयोग व श्रमदान से मंच बनाए हैं, उसी तरह शेड भी लगाने की प्लानिंग है। गांव में दो तालाब हैं। जहां श्रमदान कर ग्रामीण कई बार साफ-सफाई करवा चुके हैं। शीतला मंदिर में सुरक्षा के लिहाज से जनसहयोग से जाली तार लगाया गया है। हरदेवलाल बाबा मंदिर में मंच, शेड लगाया गया है। इसके अलावा सफाई, पेयजल से लेकर जनहित में कई छोटे काम जनसहयोग से हुए हैं। मंच तैयार करने के काम में इन्होंने दिया योगदान खम्हन ठाकुर संबलपुर ने 3 हजार ईंटें उपलब्ध कराई। रवि सिन्हा घीना ने रेत, गोपी साहू पापरा ने मुरुम, ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों ने रेत, गिट्टी उपलब्ध कराई। ब्यास नारायण देशमुख ने सीमेंट, गिरधारी साहू ने छड़, दसराज साहू ने राशि, मिस्त्री की व्यवस्था किया। इसके अलावा ग्रामीणों ने स्वेच्छा अनुसार सहयोग राशि दी। मंच बनाने के संबंध में गांव स्तर पर बैठक हुई थी। जिसमें सभी ने सरकारी फंड के बजाय जनसहयोग से मंच तैयार करने सहमति, किसी ने सहयोग राशि दी।


