मऊगंज में एक सरकारी हॉस्टल के नाबालिग छात्रों का ढाबे पर शराब पीते वीडियो आया है। ये वीडियो 26 जनवरी का है। इसके बाद वे हॉस्टल लौटे और परिसर में ही तेज आवाज में डीजे लगाकर लड़कियों के साथ घंटों तक नाचते रहे। वीडियो में एक व्यक्ति और शराब पार्टी करते एक लड़के के बीच बघेली बोली में बातचीत है। इसमें वह लड़का खुद को पिपराही के आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास में रहने वाला कक्षा 11वीं का स्टूडेंट बता रहा है। कह रहा है कि वॉर्डन अक्सर छात्रावास में मौजूद नहीं रहते, जिसके कारण वे बाहर जाकर एंजॉय करते हैं। वीडियो में दिख रहा ढाबा, छात्रावास के पास का ही है। उधर, छात्रावास अधीक्षक रामानुज यादव ने इन आरोपों को एक साजिश बताया है। पढ़िए, छात्र ने क्या बताया…
व्यक्ति- अभी कहां थे?
छात्र- छात्रावास में डांस कर रहे थे। व्यक्ति- पढ़ते हो?
छात्र- हां, छात्रावास में पढ़ते हैं। व्यक्ति- और बताओ…
छात्र- हम लोग डर गए थे कि मीडिया वाले हैं। व्यक्ति- आप लोग पढ़ाई वाले छात्र हैं। सरकार तुम लोगों को सब सुविधा दे रही है और तुम पी रहे हो? ये बताओ कि छात्रावास पर जितने छात्र हैं, सभी पीते हैं?
छात्र- सब नहीं पीते हैं। केवल 11वीं और 12वीं के छात्र, जो सीनियर हैं…वही पीते हैं। व्यक्ति- अधीक्षक रहते हैं?
छात्र- हमेशा नहीं रहते हैं। सप्ताह में एक बार आते हैं। व्यक्ति- हम यहां बैठकर खाना खा लें?
छात्र- ठीक है, खा लीजिए।
छात्र- एक बार कलेक्ट्रेट पहुंच गए थे शिकायत करने, छात्रावास बंद कर दिए थे। व्यक्ति- तुम किस क्लास में पढ़ते हो?
छात्र- मैं 11वीं क्लास का छात्र हूं। व्यक्ति- यहां बैठने की व्यवस्था नहीं बन रही है। मैं बाहर जाकर खा लेता हूं।
छात्र- आप बैठें, हमें कोई दिक्कत नहीं है। व्यक्ति- ठीक है, मैं एक दोस्त से मुलाकात करने आया था। यहां डांस हो रहा था तो हम भी रुक गए।
छात्र- जानते हैं सर जी, हम लोग कार्यक्रम करके तिरंगा फहराकर आए हैं…अब एंजॉय कर रहे हैं। व्यक्ति- अधीक्षक भी पीते हैं क्या?
छात्र- अधीक्षक नहीं रहते हैं। व्यक्ति- अधीक्षक का क्या नाम है?
छात्र- रामानुज यादव है।
प्रभारी अधीक्षक को नोटिस
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। उन्होंने हॉस्टल प्रभारी अधीक्षक रामानुज यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। आदिम जाति कल्याण विभाग, मऊगंज के जिला संयोजक नीलकंठ मरकाम ने कहा- मामला सामने आते ही संज्ञान में लिया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक शिक्षक रामानुज यादव को जुलाई 2025 में वॉर्डन का चार्ज दिया गया था। हॉस्टल में कुल 50 छात्र रहते हैं
आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास, पिपराही में कुल 50 छात्र रहते हैं। इस हॉस्टल से करीब 200 मीटर की दूरी पर कन्या जूनियर और कन्या सीनियर छात्रावास हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में इन दोनों हॉस्टल की छात्राएं, बालक छात्रावास परिसर में पहुंचीं, जहां उन्होंने लड़कों के साथ मिलकर डांस भी किया। कन्या जूनियर छात्रावास में कुल 26 जबकि कन्या सीनियर छात्रावास में करीब 50 छात्राएं हैं। बालक छात्रावास से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी भी गणतंत्र दिवस के इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। ये खबर भी पढ़ें… भोपाल में ढाबे बने अवैध बार, खुलेआम परोस रहे शराब दैनिक भास्कर के स्टिंग ऑपरेशन में खुलासा हुआ है कि भोपाल के ढाबों पर न सिर्फ खुलेआम शराब परोसी जा रही है, बल्कि संचालक यह दावा भी कर रहे हैं कि पुलिस का कोई डर नहीं, सब सेटिंग है। ढाबा संचालक ऑर्डर पर शराब उपलब्ध कराने, पूरी प्रॉपर्टी पार्टी के लिए बुक करने और पुलिस कार्रवाई से बचाने तक की गारंटी दे रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…


