बिलासपुर | छत्तीसगढ़ कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने उप संचालक कृषि कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों और कृषि गतिविधियों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता सूची में सर्वोपरि है। यह तभी संभव है जब शासन द्वारा किसानों के लिए बनाई गई योजनाएं और सुविधाओं का लाभ उन्हें सुगमता से मिल सके। चंद्रवंशी पहली बार उप संचालक कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। चंद्रवंशी ने बैठक में सस्ते विकल्प के रूप में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। बैठक में चंद्रवंशी ने कृषि विभाग के साथ साथ पशुपालन, उद्यानिकी, मछलीपालन व मार्कफेड की विभिन्न योजनाओं व जिले में खाद एवं बीज की आपूर्ति की समीक्षा की। उप संचालक ने बताया कि जिले में धान की बुवाई एवं रोपाई का कार्य 1.17 लाख हेक्टेयर में पूरा हो चुका है।


