गणतंत्र दिवस को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे पंजाब में अलर्ट जारी कर दिया है। सरहिंद में रेलवे ट्रैक के पास हुए धमाके के बाद पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है। इसी के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने राज्यभर के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की है। लुधियाना में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पंजाब पुलिस के स्पेशल डीजीपी सिक्योरिटी एस.एस. श्रीवास्तव पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने गणतंत्र दिवस समारोह स्थल सहित पूरे शहर के लिए मल्टी लेयर सुरक्षा इंतजाम तय किए हैं। उनके निर्देशों के अनुसार पुलिस बल की तैनाती शुरू कर दी गई है। समारोह स्थल पर सुरक्षा को लेकर मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया जाएगा। सरहिंद में हुए धमाके के बाद शहरभर में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है। पुलिस ने बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षा के लिए स्पेशल यूनिट, इंटेलिजेंस यूनिट रहेंगी तैनात स्पेशल डीजीपी एस.एस. श्रीवास्तव ने लुधियाना में बताया कि गणतंत्र दिवस के दौरान विशेष यूनिटों की तैनाती भी की जाएगी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इंटेलिजेंस विंग को भी अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या इनपुट की सूचना तुरंत जिला पुलिस को दी जाए ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शनिवार रात से ही शहर में स्पेशल नाकाबंदी की जाएगी। थाना स्तर की पुलिस के अलावा रिजर्व फोर्स और अन्य यूनिटों को भी 26 जनवरी तक सड़कों पर तैनात किया जाएगा।


