सराय में भारी पुलिस बल तैनात:रैंप टूटने के विवाद ने तूल पकड़ा, भीड़ का पथराव, पुलिस के भी वाहन तोड़े

शहर के समीप डबोक थाना क्षेत्र के बाठेड़ा की सराय गांव में बुधवार रात ट्रक चढ़ाकर मकान का रैंप तोड़ने के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में गुरुवार को ग्रामीण एकजुट हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बाजार बंद कर दिया। इसके बाद ट्रक चालक आजाद खान के घर पर पथराव किया। आसपास खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की। दो समुदायों में संघर्ष की अफवाह फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने उस पर भी पथराव कर दिया। इससे पुलिस के भी दो-तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, तब कहीं मामला शांत हुआ। ऐहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। मामले में पुलिस ने 9 जनों को डिटेन किया है। घटनाक्रम के दौरान 6 से 8 वाहन क्षतिग्रस्त हुए। पुलिस ने मौके पर खड़ी प्रदर्शनकारियों की कुछ गाड़ियां भी जब्त की हैं। दोनों ही पक्षों की ओर से मामले दर्ज कराए गए हैं। उधर, उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि पुलिस ने माहौल शांत करवा दिया। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कुछ प्रदर्शनकारियों को डिटेन किया है। इनकी भूमिका की जांच करने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। रात 10 बजे घटना, सुबह जुटी भीड़ पुलिस के अनुसार ढावा ग्राम पंचायत के बाठेड़ा की सराय गांव में एक व्यक्ति के घर के बाहर रैंप बना हुआ है। इसकी सुरक्षा के लिए आगे कुछ पत्थर भी लगा रखे हैं। एक जनवरी को रात करीब 10 बजे गांव में ही रहने वाले आजाद खान ट्रक लेकर निकले। रोड संकरी होने के कारण पहिये से रैंप टूट गया। आवाज सुनकर मकान मालिक, बेटा और बेटी घर के बाहर आए। मकान मालिक और ट्रक चालक में कहासुनी हो गई। आराेप है कि ट्रक चालक आजाद और भानजे इदरीश ने मकान मालिक के बेटे से मारपीट कर दी। बेटी बीच-बचाव करने आई तो उसे भी पीटा। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। इस पर ट्रक चालक भाग निकला। गुरुवार सुबह पीड़ित ने डबोक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बेटा-बेटी के साथ मारपीट और बेटी से छेड़छाड़ के आरोप लगाए। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। दो डीएसपी, 5 थाने व लाइन से जाब्ता भेजा रात के घटनाक्रम की बात सुबह पूरे गांव में फैल गई। सुबह 8 बजे से ग्रामीणों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। इसके बाद पूरा घटनाक्रम हुआ। सूचना मिलने पर डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास किया। माहौल बिगड़ता देख मावली डीएसपी मनीष कुमार, वल्लभनगर डीएसपी राजेंद्र जैन समेत वल्लभनगर, खेरोदा, घासा, मावली, फतेहनगर थाना और पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाब्ता मंगवाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *