सरिया और सीमेंट कारोबारी के प्रतिष्ठान पर जीएसटी टीम का छापा, स्टॉक की जांच जारी

भास्कर संवाददाता | सीहोर शहर के बिजली घर चौराहा स्थित सरिया एवं सीमेंट कारोबारी मै. खेमचंद मदनलाल मामाजी चूने वाले के प्रतिष्ठान पर बुधवार दोपहर स्टेट जीएसटी टीम ने छापेमारी की। भोपाल से आई स्टेट जीएसटी की टीम में एक दर्जन से अधिक अधिकारी शामिल थे। इनमें महिला अधिकारी भी मौजूद थीं। जानकारी के अनुसार, टीम दोपहर के समय प्रतिष्ठान पर पहुंची और वहां मौजूद सीमेंट व सरिया के स्टॉक की जांच की। टीम ने कारोबार से संबंधित बिल, वाउचर, खरीद-बिक्री रजिस्टर एवं अन्य दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया। कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान पर कुछ समय के लिए सामान्य व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। खबर लिखे जाने तक जांच में किसी प्रकार की ठोस अनियमितता सामने आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जीएसटी टीम की जांच देर रात तक जारी रहने की संभावना है। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट की जाएगी। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जीएसटी की कार्रवाई से अन्य व्यापारियों में भी हलचल: जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हलचल देखी गई। स्टेट जीएसटी की टीम के कुछ सदस्य प्रतिष्ठान संचालक के बेटे को लेकर उनके घर और अन्य स्थानों पर जांच करने उन्हें कार में बैठाकर अपने साथ ले गए हैं। वहां भी पड़ताल जारी है। रिकॉर्ड की कर रहे पड़ताल सूत्रों के मुताबिक, जीएसटी टीम द्वारा टैक्स से संबंधित अनियमितताओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान किया तथा कंप्यूटराइज्ड रिकॉर्ड की भी पड़ताल की। कार्रवाई को लेकर गोपनीयता बनाए रखी गई है। वहीं, टीम के अधिकारी किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से बचते नजर आए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *