सर्कल और सिटी टीम ने बनाई फाइनल में जगह:प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को पुलिस ग्राउंड में

धौलपुर में आयोजित जयपुर डिस्कॉम क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में सर्कल और सिटी टीम ने जगह बना ली है। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला शनिवार को पुलिस ग्राउंड पर खेला जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन सर्कल अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार वर्मा ने बॉल खेलकर और रिबन काटकर किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि विभागीय कार्य के साथ-साथ खेलकूद भी आवश्यक है, क्योंकि यह शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इस प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में सर्कल टीम ने सैपऊ टीम को, एचटीएम टीम ने राजाखेड़ा टीम को, ए1 टीम ने बाड़ी टीम को और ए2 टीम ने बसेड़ी टीम को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में सर्कल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 148 रन बनाए। इसमें राशिद ने 49, विक्रम ने 27 और कप्तान एक्सईएन विवेक शर्मा ने 20 रन का योगदान दिया। जवाब में, एचटीएम टीम निर्धारित 15 ओवर में 146 रन ही बना सकी। एचटीएम की ओर से सुनील और हेमंत त्यागी ने 24-24 रन बनाए, जबकि सर्कल टीम के अभिमन्यु ने 2 विकेट लिए। सर्कल टीम के कप्तान एक्सईएन विवेक शर्मा की फील्डिंग उल्लेखनीय रही। इस जीत के साथ सर्कल टीम फाइनल में पहुंच गई। दूसरे सेमीफाइनल में ए1 टीम ने 15 ओवर में 156 रन बनाए। शिवकुमार चौधरी ने 46, कुलदीप श्रीवास्तव ने 38 और ब्रिज मोहन ने 33 रन बनाए। रवि ने 3 और अरविंद ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ए2 टीम 74 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। शिव कुमार, नवनीत कटारा और नरेंद्र सिंह ने 2-2 विकेट चटकाए। इस मैच को जीतकर ए1 टीम (सिटी) ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की। कार्मिक अधिकारी अंकित फ्लेक्स मार्टिन ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच शनिवार को पुलिस ग्राउंड पर सर्कल टीम और सिटी टीम के बीच खेला जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *