बारां|चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग संयुक्त निदेशक डॉ एम पी सिंह ने सोमवार को स्वास्थ्य भवन में चिकित्सा विभाग अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सा इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अस्पतालों में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना, आयुष्मान आरोग्य योजना से मरीजों को लाभांवित करने के निर्देश दिए। साथ ही 23 से 31 दिसंबर तक आयोजित विशेष टीकाकरण अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने 31 दिसंबर तक निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान की प्रगति जानी। उन्होंने अभियान में प्रत्येक स्तर पर गंभीरता से काम कर लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि बैठक में एनसीडी कार्यक्रम, एनीमिया मुक्त राजस्थान, मौसमी बीमारी रोकथाम गतिविधियों की समीक्षा की। सीएमएचओ डॉ. नागर ने बताया कि जिले में सर्दी का असर बढ़ गया है। ऐसे में सर्दी जनित बीमारियों को अस्पतालों में अलर्ट होकर काम करें। सीएमएचओ ने आमजन से भी सर्दी में एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में सिर, कान ढ़ककर रखें और गर्म कपड़े पहने। बच्चे और बुजुर्ग विशेष सावधनियों बरतें।


