देशभर में पर्यटन ग्राम के रूप में सम्मानित सरोध दादर आज भी एक बुनियादी सुविधा सड़क के लिए इंतजार कर रहा है। प्रधानमंत्री जन- मन योजना के तहत बैगा एथनिक रिसोर्ट से सरोधा दादर तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 67.68 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे। कार्य 18 जनवरी 2025 को शुरू होकर 12 माह में पूरा होना था। जनवरी 2026 की डेडलाइन बीत चुकी है, लेकिन सड़क अब भी अधूरी पड़ी है। जमीनी हालात बताते हैं कि निर्माणाधीन सड़क का करीब 300 मीटर हिस्सा अधूरा पड़ा है। काम बंद है। निर्माणाधीन सड़क पर कई जगह गिट्टी बिखरी है, डामरीकरण अधूरा है और रास्ता उबड़-खाबड़ है। यह स्थिति तब है जब गांव को वर्ष 2023 में देश के 31 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 795 गांवों में से सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम सिल्वर कैटेगरी का सम्मान मिला था। रिसोर्ट तक पहुंचने का यह मुख्य रास्ता: सरोधा दादर करीब 250 आबादी वाला बैगा बाहुल ग्राम है। यह गांव अपनी पारंपरिक संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पर्यटन मानचित्र पर उभरा। बैगा एथनिक रिसोर्ट तक पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए यह सड़क मुख्य मार्ग है। लेकिन अधूरी सड़क विकास की तस्वीर को बिगाड़ रही है। पर्यटकों को असुविधा हो रही है। ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। यहां काम रुकता है, फिर चलने लगता है और अब रेंग रहा है। बीते 19 फरवरी 2026 को पीएम जन-मन सड़क योजना के ईई एसके ठाकुर से चर्चा के बाद निर्माण दोबारा शुरू हुआ। लेकिन काम की रफ्तार इतनी धीमी है कि अब तक पूर्णता दूर दिख रही है। वर्तमान में काम बंद पड़ा है।


