सलूंबर जिला मे पहली बार पंच गौरव महोत्सव:अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 17-18 जनवरी को होगा कार्यक्रम

सलूंबर जिले में पहली बार आयोजित होने जा रहे पंच गौरव महोत्सव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी,तहसीलदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सलूम्बर थाना अधिकारी, पीडब्ल्यूडी अधीक्षक और नगर परिषद आयुक्त ने राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान स्थित आयोजन स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, दर्शक बैठने की सुविधा,पेयजल,बिजली आपूर्ति,साफ-सफाई,पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम से पहले हर व्यवस्था समय पर पूरी हो और महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था ना रहे। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि सलूंबर जिले में पहली बार हो रहे इस पंच गौरव महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाया जाएगा, इसमें कोई भी कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यह महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं,बल्कि सलूंबर के पंच गौरवों को आमजन तक पहुंचाने का मंच है।इन गौरवों से जुड़ी सरकारी योजनाएं,आजीविका के अवसर और आर्थिक सहयोग की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी। वहीं उपखंड अधिकारी ने कानून-व्यवस्था,यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए, जबकि तहसीलदार ने स्थानीय स्तर पर सतत निगरानी का भरोसा दिलाया। इस दौरान 17 जनवरी को पंच गौरव खेल कबड्डी प्रतियोगिता सलूंबर के सुपरस्टार का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 18 जनवरी को भव्य बॉलीवुड संध्या का कार्यक्रम होगा। जिसमें बॉलीवुड सेलिब्रिटी शिरकत करेंगे अधिकारियों ने बताया कि खेल प्रतियोगिता और सुपरस्टार कार्यक्रम के लिए एंट्री प्रक्रिया जारी है, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को जिला स्तर का बड़ा मंच मिल सके। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जिला बनने के बाद पहली बार राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इतना बड़ा आयोजन हो रहा है, इसलिए अधिक से अधिक संख्या में लोग आएं और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। प्रशासनिक निरीक्षण के बाद तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है और पूरे क्षेत्र में पंच गौरव महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *