राजस्थान पटवार संघ के आव्हान पर गुरुवार को सवाई माधोपुर में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। यहां पटवार संघ उप शाखा सवाई माधोपुर की ओर से 9 सूत्री लंबित मांगों के समर्थन में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। सवाई माधोपुर उप शाखा के अध्यक्ष पंकज गोयल ने बताया कि राजस्थान पटवार संघ की ओर से प्रदेश के सभी तहसील और उपखंड मुख्यालय पर लंबित 9 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया था। इसी कड़ी में सवाई माधोपुर उप शाखा की ओर से ज्ञापन दिया गया। पटवार संघ ने प्रमुख शासन सचिव के नाम सवाई माधोपुर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पटवार संघ ने गिरदावरी कार्य पटवारी से करवाने, भानोत कमेटी की सिफारिश को वित्तीय स्वीकृति देने, 752 भू अभिलेख निरीक्षक के पदों का निर्धारण करने, हार्ड ड्यूटी और स्टेशनरी भत्तों में बढ़ोतरी करने, DPC कमेटी का रिव्यू करने, नायाब तहसीलदार से तहसीलदार की पदोन्नति में कोटा बढ़ाने, तहसीलदार पद मंत्रायलिक संवर्ग का पुरनिर्धारण की मांग की है। पटवार संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि मय रहते मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने के दौरान अध्यक्ष पंकज गोयल, महामंत्री श्रीधर गुप्ता, अभिलेखा मीणा, अंजली पाठक, विजय सैन, राजेश शर्मा सहित कई पटवारी मौजूद रहे।


