रामगढ़ | हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल की ओर से 29 जून से सांसद तीर्थ दर्शन का शुभारंभ किया जाएगा। यह योजना विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों(बुजूर्गों)को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। उन्हें उत्तरप्रदेश के चार प्रमुख तीर्थ स्थल वाराणसी,प्रयागराज (संगम),अयोध्या और विंध्याचल की यात्रा कराई जाएगी। सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस ने इस ऐतिहासिक और जनसरोकार कार्यक्रम की जानकारी दी। धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में जनसेवा और विकास का जो अध्याय लिखा जा रहा है,वह अनुकरणीय है। सांसद तीर्थ दर्शन न केवल बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा का प्रतीक है। बल्कि,समाज के संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास भी है। इस योजना में वातानुकूलित बस में करीब 65 बुजुर्ग तीर्थयात्रा पर जा सकेंगे। 29 जून की सुबह 11 बजे हजारीबाग के प्रसिद्ध नरसिंह स्थान प्रांगण से यात्रा की शुरुआत की जाएगी।


