सांसद दुष्यंत सिंह ने जनसुविधाओं पर दिया विशेष जोर:जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश

झालावाड़ के मिनी सचिवालय में सांसद दुष्यंत सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में उन्होंने जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने और विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया। सांसद ने 15 से 17 जनवरी तक उन्हेल-नागेश्वर और चौमहला क्षेत्र में हुई अपनी पदयात्रा के दौरान मिले सुझावों और जन-आकांक्षाओं के आधार पर अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। सांसद दुष्यंत सिंह ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को जल जीवन मिशन (जेजेएम) के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने आगामी गर्मी के मौसम से पहले जिले के सभी क्षेत्रों में सुचारु और गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गंगाधर-चौमहला क्षेत्र में जल गुणवत्ता से संबंधित शिकायत मिलने पर, सांसद ने पीएचईडी अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी की समीक्षा करते हुए सांसद ने नवीन सड़क निर्माण, मिसिंग लिंक, सड़कों की मरम्मत, सीसी रोड और यात्री प्रतीक्षालय निर्माण जैसे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान, उन्होंने नए जीएसएस से जुड़े कार्यों, विद्युत लाइनों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, सेवाओं की गुणवत्ता और आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह राजावत, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के सीईओ शंभूदयाल मीणा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *