साइंस कार्निवल में राज्य के 17 कॉलेजों के छात्रों ने विभिन्न गतिविधियों में लिया भाग

भास्कर न्यूज | अमृतसर डीएवी कॉलेज में ‘ईनो साइंस-2025’ विज्ञान कार्निवल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भौतिकी, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, गणित, जैव प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर विज्ञान विभागों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी चंडीगढ़, राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संचार परिषद और विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार के सहयोग से किया गया। पंजाब भर से बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और विज्ञान से जुड़े लोग इस कार्निवल में शामिल हुए। राज्य के 17 कॉलेजों के लगभग 200 छात्रों ने पोस्टर मेकिंग, पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन और कार्यशालाओं जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। जीएनडीयू के कंप्यूटर विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. कुलजीत कौर ने उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने तकनीकी प्रगति के साथ तालमेल बिठाने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि आज की दुनिया एआई की दुनिया है, इसलिए तकनीकी नवाचार को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रतिपादित विकसित भारत के विचार का भी जिक्र किया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अमरदीप गुप्ता ने कहा कि नवाचार किसी भी स्टार्टअप की रीढ़ है और स्टार्टअप भारत को वैश्विक स्तर पर ऊपर उठा सकते हैं। उन्होंने कॉलेज के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल को 3.5 स्टार रैंकिंग मिलने पर स्टाफ सदस्यों को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *