रांची नगर निगम क्षेत्र में स्थित वैसे भवन मालिक जो वित्तीय वर्ष 2024-25 में होल्डिंग टैक्स नहीं अभी तक नहीं दिए हैं, उनके ऊपर नगर निगम बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। निगम प्रशासक संदीप कुमार सिंह के निर्देश पर निगम की बाजार शाखा ने पिछले वित्तीय वर्ष के 85 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की है। उन पर 2.60 करोड़ रुपए टैक्स बकाया है। सभी बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए 7 दिनों के अंदर टैक्स भरने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय के अंदर टैक्स का भुगतान नहीं करने पर संबंधित भवन मालिकों के खिलाफ नगर पालिका अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई होगी। एक लाख रुपए से अधिक का टैक्स बकाया रखने वाले भवन मालिकों का बैंक खाता फ्रीज किया जाएगा। साथ ही संबंधित बकायेदारों का बॉडी वारंट जारी करते हुए संपत्ति की कुर्की-जब्ती की जाएगी। टैक्स बकायेदार भविष्य में अपनी संपत्ति की बिक्री भी नहीं कर पाएंगे, क्योंकि बिक्री पर भी रोक लगा दी जाएगी। इस संबंध में निगम के अधिकारियों ने बताया कि राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए सख्त कदम उठाना जरूरी है। जिन बकायेदारों को अंतिम नोटिस दिया गया, उन्हें पहले भी तीन नोटिस दिया गया था, लेकिन उन्होंने टैक्स नहीं भरा। इसलिए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। स्कूल-कॉलेज के साथ कई पैसे वालों के यहां लाखों का टैक्स बकाया शहर के 53 वार्ड में करीब 2.25 लाख भवन हैं। सभी को होल्डिंग टैक्स देना अनिवार्य है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों के दौरान कुछ स्कूल- कॉलेज प्रबंधन सहित कई बड़े लोग टैक्स देने से बच रहे हैं। जबकि, ऐसे संस्थानों को निगम द्वारा लगातार नोटिस भेजा जा रहा है। इसके बावजूद वे टैक्स देने से बचते हैं। बड़े बकायेदारों में बीआईटी एक्सटेंशन सेंटर लालपुर सबसे ऊपर है। उस पर करीब 24 लाख रुपए होल्डिंग टैक्स बकाया है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पर 17 लाख रुपए, छोटानागपुर स्कूल पर 9 लाख, बीआईटीटी पर करीब 4 लाख रुपए बकाया है। शीला पोद्दार पर 10.87 लाख और मोदस्सर हुसैन के ऊपर 11.80 लाख रुपए बकाया है। लक्ष्य से 25 करोड़ रुपए कम वसूली रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 तीसरी तिमाही तक 85 करोड़ रुपए होल्डिंग टैक्स वसूली का लक्ष्य रखा था, लेकिन अभी तक करीब 60 करोड़ रुपए की ही वसूली हुई है। निर्धारित लक्ष्य से 25 करोड़ रुपए कम टैक्स की वसूली हुई है। इसे देखते हुए निगम प्रशासक ने सभी छोटे-बड़े बकायेदारों पर सख्ती करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सरकारी विभागों को भी टैक्स बकाये का नोटिस भेजने का निर्देश दिया है। रांची में एचईसी, जेएससीए, भवन निर्माण विभाग, समाहरणालय सहित अन्य सरकारी विभागों पर 10 करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स बकाया है। ऐसे में इन विभागों को नोटिस देकर टैक्स देने का आग्रह किया जाएगा। ये हैं शहर के बड़े बकायेदार बकायेदार बकाया बीआईटी लालपुर 23.97 सरस्वती शिशु विद्या मंदिर 17.03 चिकित्सक संघ केसी राय अस्पताल 12.42 मोदस्सर हुसैन व दानिश 11.80 शीला पोद्दार 10.87 मंजुला देवी 9.67 छोटानागपुर स्कूल 9.15 विनोद, जयप्रकाश व ओमप्रकाश 7.20 सरोज देवी शर्मा 6.54 सुबोध प्रसाद 5.87 सैरुन निशा 5.64 बीआईटी 5.55 शत्रुघ्न सिंह 4.25 सचिव छोटानागपुर डायसेसियन 5.08 शिव शंकर व उमा शंकर साबू 3.83 एकबाल हसन 3.60 बीआईटीटी 3.81 मो. सईद 3.03 राजेश अग्रवाल 2.84 वाइएमसीए धुर्वा 3.67 हरि नारायण राम, टैगोर हिल रोड 2.34 एसएसपी मिशन ब्लाइंड स्कूल 2.25 सुमन शर्मा, बजरा 2.17 जावेद अख्तर, लेक रोड 1.93 शांति देवी, लालजी हीरजी रोड 1.82 सरकारी विभागों को भी बकाए का नोटिस भेजेगा नगर निगम नोट : बकाया राशि (लाख में)


