झालावाड़ जिले के खानपुर क्षेत्र के सारोलाकलां में स्टेट हाईवे 74 पर जलभराव से राहगीर परेशान हैं। पुलिस थाने से करीब 150 मीटर पहले बालापुरा मोहल्ले में सड़क पर लंबे समय से पानी जमा है, जिससे आवाजाही मुश्किल हो गई है। सड़क के बीच गहरे जलभराव और कीचड़ के कारण बाइक सवारों के फिसलकर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों हेमंत मीणा, महावीर सुमन, बनवारी सुमन, दिनेश सुमन, सुरेंद्र सुमन सहित स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि बालापुरा में पानी भरने से आम आवाजाही अत्यंत कठिन हो गई है। सड़क पर नाला निर्माण नहीं होने के कारण पानी का बहाव यहीं रुक जाता है। विभाग द्वारा हर बार पीली मिट्टी और गिट्टी डालकर समस्या को अस्थायी रूप से निपटाने की कोशिश की जाती है। हालांकि, यह मिट्टी पानी में घुलकर कीचड़ में बदल जाती है, जिससे स्थिति पहले से भी अधिक खतरनाक हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों तक पहुँचाई गई है, लेकिन वर्षों से हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि जब तक यहां स्थायी नाला निर्माण और उचित जलनिकासी व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने और सड़क की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आए दिन हो रहे हादसों पर रोक लग सके और राहगीरों को राहत मिल सके।


