शनिवार को काव्यकला साहित्य मंच छत्तीसगढ़ का मासिक कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह ग्राम भरदा में हुआ। सरस्वती वंदना बाल गायिका सेलीना दावना ने प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि भगवताचार्य व वरिष्ठ कहानीकार पं. मोहन प्रसाद चतुर्वेदी रहे। अध्यक्षता पूर्व बैंक ऑफ़ बड़ौदा प्रबंधक व साहित्यकार मोहन मुकेश भटनागर ने की। पं. मोहन चतुर्वेदी ने कहा कि साहित्यकार स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं। कलम की ताकत पर विचार करना चाहिए। अध्यक्ष मुकेश भटनागर ने कहा कि साहित्य केवल स्वहित के लिए नहीं बल्कि समाज हित के लिए होता है, यह भटकते हुए को सही मार्ग दिखाता है और श्रोताओं को दुख भूल प्रफुल्लित कर देता है। डॉ. एचडी महमल्ला ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है। मंच के सचिव लीला राम सिन्हा ने प्रतिमाह साहित्य आयोजन की रूपरेखा बताई। बृजलाल दावना, भरत बुलंदी, डॉ. एचडी महमल्ला, पुनूराम गुरुपंच, थानू राम सिन्हा, आनंद रावटे, लीलाराम सिन्हा, बेनूराम सेन, प्रो. मुरारी दास, भरत सिन्हा, डॉ. अजय सरोज उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अशोक आकाश ने किया।


