नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ की तो मां ने आरोपी युवक को करंट लगाकर मार डाला। साहिबगंज के उधवा राधानगर में महिला के घर से युवक का शव मिला। मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला को जेल व लड़की को बाल सुधार गृह दुमका भेजा गया है। महिला के घर से बांस में लपेटा हुआ पांच मीटर तार और एक मीटर कॉपर तार बरामद हुआ है। राधानगर थाना प्रभारी नितेश पांडेय ने घटना की पुष्टि की है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव का ही राजू मंडल अक्सर उनके घर में घुस जाता था। लड़की से छेड़छाड़ करता था। जबरन सामान उठाकर ले जाता था। दो माह से यह सिलसिला चल रहा था। महिला ने कुछ गांववालों से इसकी शिकायत की, लेकिन मदद नहीं मिली। इससे राजू का दुस्साहस बढ़ गया। उसकी हरकतों से तंग आकर मां ने उसे सबक सिखाने का फैसला लिया पति से 15 साल से अलग रह रही थी महिला, मां-बेटी गिरफ्तार महिला अपने पति से करीब 15 साल से अलग रह रही थीं। गांववालों के मुताबिक घरेलू विवाद में पति ने उन्हें छोड़ दिया था। थानेदार ने बताया कि बरामद साक्ष्यों के आधर पर पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया है। पता चला है कि राजू मंडल अक्सर महिला के घर में घुसकर कुछ सामान चुराता था और उनकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करता था। घर में बिछा रखा था तारों का जाल, उसमें फंसकर मौत मां-बेटी ने शुक्रवार को बिजली का तार खरीदा। तार से प्लास्टिक हटाकर उसे बांस में लपेट दिया। कॉपर वायर से कनेक्ट कर उसे दरवाजे के सामने बिछा दिया। लेकिन शुक्रवार को राजू नहीं आया। महिला ने शनिवार को भी ऐसा ही किया। रात करीब 10 बजे राजू नशे की हालत में आया। गालियां देते हुए वह घर में घुसा, तभी तारों से उलझ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई।


