सिंगरौली में टांगी हमला: पीड़ित फिर एसपी कार्यालय पहुंचा:वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट के बावजूद एफआईआर में गंभीर धाराएं नहीं बढ़ीं

सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में टांगी से हुए हमले का मामला गरमा गया है। एफआईआर में गंभीर धाराएं नहीं बढ़ाए जाने से नाराज पीड़ित मंगलवार को एक बार फिर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। पीड़ित ने लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। ग्राम बर्दी निवासी फरियादी लल्लू प्रसाद तिवारी के अनुसार, यह घटना 31 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:30 बजे हुई थी। गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर धारदार टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहा। परिजनों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया है, जिसे पुलिस को सौंपा गया है। पीड़ित का आरोप है कि चितरंगी थाने में एफआईआर क्रमांक 630/2025 दर्ज की गई, लेकिन हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं अब तक नहीं जोड़ी गईं। उनका यह भी आरोप है कि कुछ आरोपियों को थाने में बैठाने के बाद कुछ ही घंटों में छोड़ दिया गया, जिससे उनके हौसले बढ़ गए हैं। पीड़ित परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। लल्लू प्रसाद तिवारी ने बताया, “मेरे ऊपर टांगी से जानलेवा हमला हुआ, सिर फट गया। वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को देने के बावजूद धाराएं नहीं बढ़ीं। इसलिए आज मंगलवार को फिर एसपी कार्यालय आकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी।” इस मामले पर नगर पुलिस अधीक्षक पीएस परस्ते ने जानकारी दी कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा, “प्रकरण की पुनः जांच कराई जा रही है। उपलब्ध साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यदि अतिरिक्त धाराएं बनती हैं तो उन्हें जोड़ा जाएगा। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल, पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *