बिहारी जी मंदिर परिक्रमा मार्ग स्थित सिनसिना बुर्ज की खंडित मूर्ति को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर पूर्व पार्षद जितेंद्र कौर का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। भगवान के सम्मान की लड़ाई बताते हुए वे स्वयं मंदिर परिसर में भगवान के चरणों में बैठकर धरना दे रही हैं। उनके समर्थन में कई महिलाएं और युवक भी धरना स्थल पर मौजूद रहे। धरने के आठवें दिन महिलाएं किले की मुख्य सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करती रहीं, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रही। पुलिस प्रशासन लगातार समझाइश कर रहा है। इधर मकर संक्रांति पर्व के चलते बिहारी जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के सीईओ नरेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने धरने पर बैठी जितेंद्र कौर से रास्ता खाली करने की अपील की, लेकिन वे अपनी मांगों पर अडिग रहीं। स्थिति को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और यातायात को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं धरने पर बैठी महिलाएं अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर कायम हैं।


