सिमडेगा की अंडर 19 टीम के 16 खिलाड़ियों में 15 दूसरे प्रदेश के

भास्कर न्यूज | सिमडेगा झारखंड स्टेट की क्रिकेट टीम में दिल्ली समेत कुछ बड़े शहरों के खिलाड़ियों को जगह दिलाने के लिए छोटे जिलों को माध्यम बनाया जा रहा है। ऐसे जिलों में सिमडेगा भी शामिल है। सिमडेगा जिले की अंडर 19 क्रिकेट टीम में शामिल 16 खिलाड़ियों में से 15 अन्य स्थानों के हैं। इनमें से दो खिलाड़ी दिल्ली के बताए गए हैं। टीम में शामिल दिल्ली निवासी दीपांशु रावत और क्रिश शर्मा को सिमडेगा टीम का कप्तान और उपकप्तान बनाया गया है। यह टीम पिछले दिन धनबाद से टूर्नामेंट खेल कर लौटी है। दीपांशु और क्रिश शर्मा सिमडेगा की अंडर 16 टीम में भी खेल चुके हैं। हालांकि ये खिलाड़ी दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन में भी पंजीकृत बताए गए हैं। इन खिलाड़ियों ने झारखंड स्टेट की टीम में भी शामिल कराने की कोशिश चल रही है। चूंकि ड्यूज बॉल क्रिकेट के खिलाड़ी विहीन बताए जाने वाले सिमडेगा की टीम ने धनबाद में हुए मैच में बोकारो की टीम को हरा दिया था, हालांकि रांची के खिलाफ टीम हार गई थी। अन्य जिलों और राज्यों के खिलाड़ियों से सिमडेगा की टीम तैयार किए जाने को लेकर सिमडेगा में सवाल उठने शुरू हो गए हैं। क्रिकेट समेत अन्य खेलों से जुड़े लोगों ने इस स्थिति को शर्मनाक बताया है। लोगों का कहना है कि खेल प्रतिभाओं की धरती सिमडेगा से जब दर्जनों नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के हॉकी खिलाड़ी निकल सकते हैं तो क्रिकेट में क्यों नहीं। बाहर के खिलाड़ियों को यहां की टीम में शामिल किए जाने पर लोगों ने गहरी नाराजगी जताई है। सिमडेगा से अन्य जिलों में टूर्नामेंट खेलने जाने वाली टीम में शामिल इक्का-दुक्का खिलाड़ियों को बाहर के खिलाड़ियों द्वारा मानसिक रूप से परेशान करने के मामले भी सामने आए हैं। बताया गया कि पिछली बार अंडर 16 खेलने गई टीम में गए एक लोकल खिलाड़ी को टॉर्चर किया गया था। खिलाड़ी की रैगिंग करने, मैच में नहीं रखने जैसे कई मामले सामने आए हैं। बात खुलने पर मामले को दबा दिया गया। सिमडेगा विधायक भूषण बड़ा ने सिमडेगा की टीम में दिल्ली तथा झारखंड के अन्य जिलों के खिलाड़ियों को खिलाने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में टीम में सिमडेगा के निवासी खिलाड़ी खेलेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *