सिम्स अस्पताल में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी:रायगढ़ में डेढ़ लाख रुपए ठग लिए, न नौकरी लगी न रुपए किए वापस, अपराध दर्ज

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के एक दंपती से जालसाजों ने डेढ़ लाख रुपए ठग लिए। ठगों ने बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में नौकरी लगाने का झांसा देकर उनसे धोखाधड़ी कर ली। घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम डुमरभांठा निवासी जीवनराम भारद्वाज की पहचान विनोद दास महंत से थी। वर्ष 2023 में जीवनराम ने अपनी पत्नी सोनकुंवर के लिए सिम्स अस्पताल में नौकरी की बात की। इस पर विनोद दास महंत ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी जान-पहचान गुरु बिहार, सरकंडा, बिलासपुर की रहने वाली स्तूति जुलियस से है और वह सिम्स अस्पताल में नौकरी लगवा सकती है। बिलासपुर ले जाकर किया जालसाजी का खेल इसके बाद विनोद दास, जीवनराम को अपनी कार में बैठाकर बिलासपुर ले गया। वहां स्तूति जुलियस से मिलवाया और उसे सिम्स अस्पताल का डॉक्टर बताकर नौकरी दिलाने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की। चूंकि जीवनराम के पास तत्काल इतनी बड़ी रकम नहीं थी, इसलिए ठग उसे वापस घर छोड़ गए। किस्तों में ऐंठे डेढ़ लाख रुपए कुछ दिनों बाद जीवनराम ने 1 लाख रुपए ठगों को दे दिए और बाकी रकम बाद में देने की बात कही। इसके बावजूद काफी दिनों तक उसकी पत्नी की नौकरी नहीं लगी। नवंबर 2023 में ठगों ने ज्वाइनिंग लेटर निकलने का झांसा देकर 50 हजार रुपए और मांगे, जिसे जीवनराम ने दे दिया। अब जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली, तो ठगी का एहसास होने पर जीवनराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *