सियार ने कंडे पाथ रही महिला की आंख नोची:दतिया जिला अस्पताल में डेढ़ घंटे तक नहीं मिला इलाज; भैंस के बच्चे को भी काटा

भिंड जिले के ग्राम गांगेपुरा में शनिवार सुबह एक पागल सियार के हमले से हड़कंप मच गया। सियार ने घर के पीछे काम कर रही 50 वर्षीय महिला पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी आंख और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। सियार ने एक अन्य महिला और भैंस के बच्चे को भी घायल कर दिया। गंभीर हालत में महिला को दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में देरी का आरोप लगाया है। घटना शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। गांगेपुरा निवासी कृष्णकांति पत्नी हरजन सिंह (50) अपने घर के पीछे बने बाड़े में गाय के गोबर से कंडे बना रही थीं। तभी गांव में घुसे एक पागल सियार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। सियार ने महिला की आंख को बुरी तरह नोच लिया, जिससे उन्हें गहरी चोट आई है। इसके अलावा शरीर पर कई अन्य जगह भी गहरे जख्म हो गए हैं। शौच के लिए गई महिला और मवेशी को भी काटा
घटना के समय मौजूद राजेश्वरी ने बताया कि सियार ने सबसे पहले उन पर हमला किया था। वह सुबह गांव के बाहर शौच के लिए गई थीं, तभी सियार उन पर झपटा। वह किसी तरह खुद को बचाकर वहां से भागीं। इसके बाद सियार ने गांव में घुसकर कृष्णकांति और एक भैंस के बच्चे (पड़वा) को अपना निशाना बनाया। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दतिया अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप
घायल कृष्णकांति को परिजन दोपहर करीब 2 बजे दतिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि महिला को ट्रॉमा सेंटर में गंभीर हालत में छोड़ दिया गया और करीब डेढ़ घंटे तक कोई इलाज नहीं मिला। महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं दी गई। दूसरी ओर, अस्पताल स्टाफ ने सफाई दी है कि महिला की आंख में गंभीर चोट थी, जिसके लिए सर्जरी विशेषज्ञ डॉक्टर को बुलाया गया था, इसलिए इलाज शुरू करने में समय लगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *