सिवनी जिला मुख्यालय सहित जिले के आठों विकासखंडों में युवा दिवस के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा दिवस के रूप में स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक साथ संपन्न हुआ। धूमा के शासकीय सांदीपनि स्कूल परिसर में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में भाग लिया। सुबह निर्धारित समय पर छात्र-छात्राओं ने योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार के 12 आसनों का अभ्यास किया। इस दौरान शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता और अनुशासन का संदेश दिया गया। युवा दिवस पर सुबह 9:30 से 10:15 बजे तक आकाशवाणी से विशेष कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन हुआ। स्वामी विवेकानंद के विचारों का रिकॉर्डेड ऑडियो प्रसारित किया गया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश विद्यार्थियों को सुनाया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं से राष्ट्र निर्माण, स्वास्थ्य, संस्कार और अनुशासित जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। नशामुक्ति और फिट इंडिया का संदेश जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता और विधायक दिनेश राय ‘मुनमुन’ सहित अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में योग, प्राणायाम, ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्रेरक उद्बोधन, स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित प्रस्तुति और युवाओं को नशामुक्ति और फिट इंडिया का संदेश दिया गया। धूमा के कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य कृष्ण कुमार चौकसे, अंकित साहू, सौरव विश्नोई, वीरू साहू, दीपक अग्रवाल, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी व समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, योग के महत्व का प्रसार करना और स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संदेश देना था।


