भास्कर न्यूज| महासमुंद / बसना क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में क्रांतिकारी बदलाव आने वाला है। लंबे समय से बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय समेत बड़े शहरों का रुख करने वाले बसना ब्लाक के 225 गांवों की बड़ी आबादी को अब अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। शासन ने बसना में 18 करोड़ 6 लाख 48 हजार रुपये की लागत से 100 बिस्तर वाले सर्वसुविधायुक्त अस्पताल के निर्माण को मंजूरी दे दी है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। वर्तमान में बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल 30 बिस्तर उपलब्ध है। यहां विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी है। अभी शिशुरोग (पीडियाट्रिक) विशेषज्ञ और स्त्री रोग (गायनेकोलाजिस्ट) विशेषज्ञ ही मौजूद है। नए साल में बसना में सौ बिस्तर वाला अस्पताल का निर्माण शुरू हो जाएगा। यह अस्पताल बसना क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफलाइन साबित होगा। प्रस्तावित अस्पताल को केवल बेड क्षमता बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि एक सुपर स्पेशियलिटी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस अस्पताल के निर्माण से बसना सहित आसपास के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। यहां सभी रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे, जिससे जटिल बीमारियों का इलाज भी स्थानीय स्तर पर संभव होगा। अस्पताल में लेटेस्ट मेडिकल टेक्नोलॉजी और जांच मशीनें स्थापित होंगी , ताकि सटीक और त्वरित डायग्नोसिस मिल सके। वर्तमान में गंभीर बीमारियों या विशेषज्ञ सलाह के लिए लोगों को महासमुंद, रायपुर या अन्य बड़े शहरों की ओर दौड़ना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अब नए साल में बसना के पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बस स्टैंड के पास नगर पंचायत कार्यालय के सामने ही 100 बिस्तर अस्पताल बनेगा । स्वास्थ्य क्षेत्र में उभरेगा बसना: बसना विकासखंड चिकित्सा अधिकारी नारायण साहू ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। बसना बीएमओ साहू ने बताया कि वर्तमान में स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आपात स्थिति, हादसों में गंभीर रूप से घायल (हड्डी टूटने वालों का) का इलाज नहीं हो पाता है। उन्हें जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया जाता है। माइनर केस वालों का ही इलाज होता है। नए अस्पताल में सभी रोगों के विशेषज्ञ डाक्टर होने से गंभीर मरीजों का भी इलाज संभव होगा। उन्हें बाहर इलाज के लिए जाना नहीं पड़ेगा।


