रांची | सिविल कोर्ट से रेकर्ड चोरी होने की बात कहते हुए हिंदपीढ़ी निवासी राजेश कुमार वर्मा ने बुधवार को रजिस्ट्रार से लिखित शिकायत की है। रजिस्ट्रार को दिए गए लिखित आवेदन में राजेश कुमार वर्मा ने कहा है कि मोबाइल चोरी के संबंध में उसने लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 180/2024 दर्ज कराया था, जिसके सारे रेकर्ड की चोरी न्यायिक दंडाधिकारी राजेश रंजन कुमार के न्यायालय से हो गई है। राजेश वर्मा ने यह भी कहा है कि मोबाइल चोरी होने के बाद उन्होंने लोअर बाजार थाने में मामला दर्ज कराया था। 17 जुलाई 2024 को मोबाइल बरामद कर पुलिस ने चोर को छोड़ दिया। ऐसे में हो सकता है कि उस चोर ने ही साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सारे रेकर्ड गायब कर दिए। कार्यालय के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज से घटना का पता लगाया जा सकता है। रेकर्ड गायब होने की वजह से थाने से मोबाइल रिलीज करने का आवेदन एमसीए 4957/2025 पेंडिंग है। पूरे मामले में जो संभव हो, वह कार्रवाई की जाए।


