भास्कर न्यूज | गढ़वा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन स्थित सीआरपीएफ कैंप में रविवार को एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर सेवानिवृत्त तीन सीआरपीएफ पदाधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर सेवा निवृत निरीक्षक दिनेश कुमार राय, उप निरीक्षक सुभाष चंद्र एवं अनिरुद्ध यादव को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बताया गया कि इन तीनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान भारत के विभिन्न प्रांतों में तैनात रहकर देश की सेवा की। इन्होंने जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर राज्यों एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। चुनौतीपूर्ण हालात में भी इनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सीआरपीएफ बल की ओर से इन्हें विभिन्न सेवा पदक (मेडल) प्रदान कर सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सीआरपीएफ की सेवा अत्यंत कठिन, जोखिमपूर्ण और अनुशासन से भरी होती है। ऐसे में इन अधिकारियों ने अपने दृढ़ आत्मबल, अनुशासन और नियमित दिनचर्या के बल पर न सिर्फ अपने कर्तव्यों का बखूबी पालन किया, बल्कि शारीरिक व मानसिक रूप से स्वयं को सदैव सक्षम बनाए रखा। इनका सेवाकाल आने वाले नए जवानों और अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। इस मौके पर 172वीं बटालियन के कमांडेंट अजय कुमार वर्मा ने तीनों सेवानिवृत्त पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बल को इनके अनुभव और सेवाओं पर गर्व है। साथ ही बटालियन की ओर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह के अंत में भावपूर्ण वातावरण में सभी अधिकारियों, जवानों एवं कर्मियों ने तालियों के साथ सेवा निवृत पदाधिकारियों को विदाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के अधिकारी, जवान एवं स्टाफ मौजूद थे। विदाई समारोह ने न सिर्फ उनके योगदान को यादगार बनाया, बल्कि बल के अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना को भी उजागर किया।


