भास्कर संवाददाता| कालापीपल सीएम राइज स्कूल की हालत हर दिन बिगड़ती जा रही है। स्कूल में सफाई नहीं हो रही। पढ़ाई भी ठप है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम के दौरान स्कूल का निरीक्षण किया गया। कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई कक्षाओं में शिक्षक मौजूद नहीं थे। कुछ शिक्षक धूप में बैठे मिले। कुछ कक्षाएं बिना पढ़ाई के चल रही थीं। कई कमरों में बेंच-डेस्क पर मोटी धूल जमी थी। दीवारों और छतों पर जाले लटके थे। इससे साफ-सफाई की स्थिति साफ दिखी। प्राचार्य रेखा त्रिपाठी ने बताया, लंबे समय से सफाई कर्मचारी नहीं आ रहे। पूरे स्कूल की सफाई एक पियून के भरोसे है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्कूल में करीब 900 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। इसके बावजूद मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रहीं। स्कूल परिसर में लगे पेड़ों की डालियां सूख रही हैं।


