भास्कर न्यूज|गिरिडीह सत्र 2026-27 में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (सीएम एसओई) में नामांकन को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। इसके तहत कक्षा 6 से 9 तक के लिए नामांकन प्रक्रिया 22 जनवरी से शुरू होगी, जबकि कक्षा 11 में नामांकन 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद लिया जाएगा। सीबीएसई से संबद्ध अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में पढ़ाई की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। जिले में डिस्ट्रीक्ट सीएम एसओई (हाई स्कूल पचंबा) तथा सर जेसी बोस सीएम एसओई गर्ल्स, गिरिडीह में कक्षा 6 से 11 तक नामांकन होगा। वहीं मॉडल सीएम एसओई डुमरी एवं केजीबीवी सीएम एसओई गिरिडीह में कक्षा 6 में दाखिला लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिन कक्षाओं में सीटें रिक्त होंगी, वहां भी नामांकन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम अहमद ने बताया कि इस संबंध में राज्य परियोजना निदेशक का पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 से 9 में नामांकन के लिए विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय चयन परीक्षा झारखंड शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) की ओर से आयोजित की जाएगी। 16 जनवरी को सभी सीएम एसओई विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर कक्षावार रिक्त सीटों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। आवेदन व चयन प्रक्रिया आवेदन की तिथि: 22 जनवरी से 16 फरवरी आवेदन फॉर्म की स्क्रूटनी: 18 से 20 फरवरी प्रोविजनल सूची जारी: 24 फरवरी प्रवेश परीक्षा की तिथि: 10 मार्च स्कूल स्तर पर पहली मेधा सूची: 17 मार्च चयनित बच्चों का नामांकन: 18 से 27 मार्च ओरिएंटेशन प्रोग्राम / सत्र प्रारंभ: 1 अप्रैल ऑफलाइन भी आवेदन लिए जाएंगे : एडीपीओ प्रकाश कुमार ने बताया कि आवेदन ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए लिंक विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगे । एनआईसी की आधिकारिक वेबसाइट व सीएमएसओई की वेबसाइट पर भी आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेगा। आवेदन फॉर्म निःशुल्क होगा और नामांकन में जिला स्तरीय आरक्षण रोस्टर का पालन होगा। बनाए जाएंगे दो हेल्प डेस्क : नामांकन प्रक्रिया में अभिभावकों की सहायता के लिए प्रत्येक सीएम एसओई विद्यालय में एक हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। जहां नामांकन प्रभारी शिक्षक या एसएमसी सदस्य मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में भी एक हेल्प डेस्क स्थापित किया जाएगा।


