सीए इंटर की परीक्षा में गुरुनगरी के कुशागरा हांडा ने देश में 31वां रैंक हासिल किया है। रविवार को घोषित रिजल्ट के तहत कुशागरा जिला अमृतसर में पहला स्टूडेंट है जिसने यह रैंक हासिल किया है। रणजीत एवेन्यू डी ब्लॉक निवासी कुशागरा ने बताया कि उसकी रुचि स्टॉक मार्केट में है, इस सपने को साकार करने के लिए वह दिन रात एक करने को प्रयासरत है। कुशागरा के पिता अमित हांडा भी सीए हैं। कुशागरा ने कहा कि उसकी इस उपलब्धि में पिता का अहम योगदान है। पिता ने सदैव उन्हें अपना करिअर खुद चुनने की खुली छूट दी, कभी कोई बंदिश नहीं लगाई। 600 में से 460 अंक हासिल करने वाले कुशागरा का सपना सीए बनने के बाद म्यूचुअल फंड मैनेजमेंट मैनेजर यानि पोर्टफोलियो मैनेजर बनने का है। वह फाइनेंशियल सेक्टर में किसी बड़ी कंपनी में जॉब करने का इच्छुक है। कुशागरा ने बताया कि इंटर परीक्षा पास करने के लिए रोजाना 16-16 घंटे स्टडी की है। प्रतिदिन सुबह 6 से रात 10 बजे तक निरंतर स्टडी की है। उन्होंने कहा कि बिना मेहनत के कोई मुकाम हासिल नहीं किया जा सकता है सफलता का कोई शॉटकट नहीं है। कोई भी मुकाम हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है।


