सीकर में कौशल रथ से 2500 को ट्रेनिंग देंगे:UDH राज्यमंत्री खर्रा बोले- सरकार चुनावों के लिए, चुनाव आयोग जब चाहे निकाय चुनाव करवाए

सीकर में यूडीएच राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि विभाग और राजस्थान सरकार ने अक्टूबर माह में सारी तैयारी पूरी कर ली थी। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने के बाद निर्वाचन आयोग जब चाहे निकाय चुनाव करवा सकता है। निर्वाचन आयोग चाहे तो फरवरी में ही चुनाव करवा दे, राज्य सरकार और स्वायत्त शासन के स्तर पर कोई ऐसा काम नहीं बचा है जो चुनाव करवाने में बाधा बने। सरकार और विभाग तैयार बैठा है। ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान में कौशल रथ फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में पहुंचे यूडीएच मंत्री खर्रा ने कहा कि भारत सरकार का प्रयास है कि देश का हर युवा किसी ना किसी कौशल में माहिर बनाए। एक ऐसा वातावरण बने जिसमें हर नागरिक स्वावलंबी बने। देश के युवा योग्यता को निखारने में कोई कोताही नहीं बरते और कौशल को निखारते हुए राष्ट्र निर्माण में सहयोग करे। भारत सरकार के कौशल विकास-उद्यमिता मंत्रालय के स्किल इंडिया मिशन- कौशल भारत, कुशल भारत के तहत बुधवार को ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान में सीकर जिले के कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, राष्ट्रीय लोक दल प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना, पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद ने हरी झंडी दिखाकर कौशल रथ को रवाना किया। इस रथ के जरिए सीकर जिले के ढाई हजार लोगों को स्किल डवलपमेंट के तहत ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। स्किल्ड लोगों को केंद्र सरकार के National Skill Development Corporation के सर्टिफिकेट दिए जाएंगे। कोहरे के कारण फ्लाइट डायवर्ट होने की वजह से केंद्रीय कौशल विकास राज्यमंत्री व शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी का वीडियो संदेश दिखाया गया। जिसमें जयंत चौधरी ने कहा कि सीकर जिले का पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह से विशेष जुड़ाव था। इसलिए यहां के लोगों को उनके स्किल डवलपमेंट डिपार्टमेंट के रथ से ट्रेनिंग के लिए चुना गया है। ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान में बेटियों का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वरलाल रणवां ने की। शिक्षाविद् चैन सिंह आर्य विशिष्ट अतिथि थे। विभाग के डीजीएम संदीप कतना ने कहा कि कौशल रथ युवाओं को मोबाइल कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए शुरू की गई एक पहल है। ये विशेष बसें अत्याधुनिक उपकरणों, सुविधाओं और ट्रेंड ट्रेनर से लैस हैं, जो डिजिटल लिट्रेसी, वित्तीय साक्षरता और उद्यमशीलता कौशल में ट्रेनिंग देंगे। इसका लक्ष्य दूरदराज के क्षेत्रों में ग्रामीण समुदाय के महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाना है। यह कौशल रथ सीकर जिले में गांव-गांव में जाकर 2500 युवाओं को ट्रेनिंग देकर सर्टिफाइड करेगा। कौशल रथ से 5 दिन के ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत रोजाना 2 घंटे ट्रेनिंग दी जाएगी। उसके बाद सर्टिफिकेट दिया जाएगा। कार्यक्रम में ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान की पायल चौधरी, रिंकू कुमारी, रितु, रीना, प्रियंका कुमावत, वंशिका व डिंपी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, संस्थान में सहयोग करने वाले भामाशाहों का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, झाबरमल चौधरी, प्रभु सिंह ओला, बीरबल ढाका, बीएल मील आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *