सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर-भदौरा रेलवे स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर स्थानीय लोगों और समाजसेवी आनंद सिंह ददुआ के नेतृत्व में लंबे समय से आंदोलन चल रहा है। इस मांग को लेकर कई बार ‘रेल रोको आंदोलन’ भी किया जा चुका है। आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्षों से मांग उठाने के बावजूद अभी तक इंटरसिटी का ठहराव स्वीकृत नहीं हुआ है। रेलवे प्रशासन द्वारा कई बार आश्वासन दिए जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से क्षेत्र में नाराजगी बनी हुई है। इसी मुद्दे पर आंदोलनकारियों ने 17 नवंबर को प्रशासन को चेतावनी पत्र सौंपा था। इसमें एक माह के भीतर मांग पूरी न होने पर पुनः रेल रोको आंदोलन करने की घोषणा की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमी एसडीएम वीके आनंद ने शनिवार शाम आंदोलनकारियों को बैठक के लिए बुलाया और उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक के दौरान आंदोलनकारियों ने बताया कि रेलवे विभाग कई बार सकारात्मक संकेत देता है, लेकिन मांगें बार-बार अधर में लटक जाती हैं। उन्होंने कहा कि वे विवश होकर ही आंदोलन का रास्ता चुनते हैं। आंदोलन स्थगित करने की समझाइश इस पर एसडीएम वीके आनंद ने आंदोलन स्थगित करने की समझाइश दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि इंटरसिटी स्टॉपेज सहित सभी मांगों को रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया गया है। नियमों के अनुसार जो भी निर्णय आएगा, उसकी सूचना आंदोलनकारियों को दी जाएगी। एसडीएम ने यह भी बताया कि आंदोलनकारियों द्वारा दिए गए पत्र का अवलोकन कर उसे जिला कलेक्टर के माध्यम से संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है, ताकि उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सके। उन्होंने संवाद और समाधान के मार्ग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। समाजसेवी आनंद सिंह ददुआ ने स्पष्ट किया कि यदि दिसंबर माह तक इंटरसिटी स्टॉपेज की दिशा में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं आता, या रेलवे विभाग के डीआरएम स्तर से वार्ता नहीं होती, तो वे पुनः रेल रोको आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति में संपूर्ण जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी।


