सीमांकन को लेकर नायब तहसीलदार और पटवारी में विवाद:पटवारी ने बातचीत का ऑडियो किया वायरल; तहसीलदार कह रहे- आरआई बड़ा हो गया क्या?

जिले के कुंभराज तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार और पटवारी के बीच सीमांकन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। नायब तहसीलदार ने सीमांकन का आदेश दिया था, लेकिन पटवारी बिना सीमांकन करे ही वापस लौट आए। इसके बाद जब पटवारी ने नायब तहसीलदार को कॉल किया तो वह भड़क गए। पटवारी ने इस कॉल की रिकॉर्डिंग कर वायरल कर दी। सूत्रों की माने तो कुंभराज तहसीलदार के मौखिक आदेश पर टीम बिना सीमांकन करे वापस लौट आई थी। दरअसल, कुंभराज तहसील अंतर्गत बड़ा गांव में एक जमीन का सीमांकन होना था। नायब तहसीलदार सुनील वर्मा की कोर्ट ने सीमांकन का आदेश दिया। पटवारियों के अनुसार वह गुरुवार को गांव में सीमांकन करने के लिए गए थे। आरआई भी उनके साथ थे। मौके पर आवेदक उपस्थित नहीं हुआ। खेतों में फसल भी खड़ी थी। ग्रामीण हथियार लेकर आ गए। इस कारण राजस्व टीम बिना सीमांकन किए ही मौके से वापस लौट आई। पटवारियों ने बताया कि वापस आने के बाद पटवारी रामू प्रजापति ने फोन पर नायब तहसीलदार को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर नायब तहसीलदार सुनील वर्मा पटवारी पर भड़क गए। उन्होंने पटवारी से अभद्रता की। आरआई के बारे में भी अपशब्द कहे। इससे नाराज पटवारियों ने शुक्रवार को चांचौड़ा SDM रवि मालवीय को ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार और पटवारी के बीच हुई बातचीत का कथित ऑडियो भी सामने आया है। ऑडियो में ये है बातचीत पटवारी – जी सर, नमस्ते। नायब तहसीलदार – क्यों रे, तुम भी भ्रष्टाचारियों के साथ हो गए हो क्या? पटवारी – क्या सर? नायब तहसीलदार – क्यों नहीं किया सीमांकन वो। पटवारी – सीमांकन सर, आरआई साहब ने बोला वो…. नायब तहसीलदार (बीच में टोकते हुए)- जब मैंने तुमसे कहा था न तेरे को कर के आना है। क्या करेगा आरआई? क्या तहसीलदार से बड़ा हो गया आरआई? पटवारी – नहीं सर। नापते तो वही सर। नायब तहसीलदार – वो तो पैसे लेकर घूम रहा था न विरोधी कल। तो के लिया होगा तुम में से किसी ने। पटवारी – ऐसा कुछ नहीं है सर। नायब तहसीलदार – फिर क्यों नहीं किया। जब तुमने मुझसे बात की थी कि हां सर जैसा आप कहोगे, वैसा करूंगा। तो आरआई क्या मुझसे बड़ा हो गया, जब मैंने कहा था कि करना है। पटवारी – नहीं सर, नापते तो वही न। नायब तहसीलदार – दो दिन में अगर खेत नहीं नपा, तो आरआई तो निपटेगा ही, तू भी निपटेगा साथ में, ध्यान रखना। चुपचाप वो पत्र बनवा रीडर से अभी और दो दिन में सीमांकन चाहिए मुझे वो। नहीं तो मत रहना मेरे सर्किल में अब। समझ गए। नायब तहसीलदार को हटाने की मांग
शुक्रवार को पटवारी संघ के बैनर तले पटवारियों ने चांचौड़ा SDM रवि मालवीय को ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार को दो दिन में तहसील से हटाने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर नायब तहसीलदार को दो दिन में नहीं हटाया गया, तो सभी पटवारी 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। साथ ही 2 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। मामले में SDM रवि मालवीय ने कहा कि नायब तहसीलदार ने सीमांकन करने का आदेश दिया था। कुंभराज तहसीलदार ने मौखिक आदेश पर उसे रुकवा दिया। उन्होंने जमीन को विवादित बताकर सीमांकन रुकवा दिया। नायब तहसीलदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनका जवाब आने पर पूरे मामले का प्रतिवेदन कलेक्टर को भेजा जाएगा। नायब तहसीलदार ने कहा कि अगर विवादित था तो पहले बता देना था। पर्याप्त फोर्स भिजवा देते, लेकिन आदेश के बाद भी सीमांकन नहीं किया गया। इस पूरे मामले में जब नायब तहसीलदार सुनील वर्मा से बात की तो उनका कहना था कि एक गरीब महिला की जमीन का सीमांकन होना था। पहले भी दो बार सीमांकन करने के आदेश दिए, लेकिन सीमांकन नहीं किया गया। इस बार भी सीमांकन किए बिना वापस लौट आए। अगर फोर्स की जरूरत थी तो बताना चाहिए था। आज फोर्स नहीं मिलती तो कल भेजते, परसों भेजते। लेकिन, सीमांकन करना चाहिए था। वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *