सुजानपुर में बारिश, व्यास नदी और खड्डों का जलस्तर बढ़ा:क्षेत्र में कई गांवों का संपर्क टूटा; घरों और पशुशालाओं में घुसा पानी

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। शनिवार देर शाम से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश जारी है। इससे सुजानपुर में व्यास नदी, न्यूगल खड्ड, बजाहर खड्ड और जंगलेहड खड्ड का जलस्तर काफी बढ़ गया है। बारिश के चलते लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। हमीरपुर को जिला मंडी से जोड़ने वाला सुजानपुर संधोल मार्ग जगह-जगह से बंद है। इसके अलावा पुरानी बमसन एरिया के अधिकांश गांवों का संपर्क बाकी दुनिया से कट गया है। खैरी भटलंबर रोड वाया दुधला बह गया। उधर, बजाहर गांव में खड्ड का पानी लोगों के घरों में घुस गया। ग्रामीण कृष्ण चंद ने बताया कि बजाहर खड्ड का पानी मलबे के साथ उनकी पशु शालाओं में घुस गया। उन्होंने बताया कि रास्ते पर जगह-जगह पत्थरों ने डेरा जमा लिया है। रात को अचानक पशु शालाओं में भारी मलबे के साथ पानी घुस गया, जिसके चलते बड़ी मुश्किल से जानवरों को बाहर निकाला गया। भारी मात्रा में पानी मलबे के साथ आ गया, जिससे बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने बताया कि अचानक आए पानी और मलबे से खड़े कई ट्रैक्टर मलबे में दब गए। बारिश के चलते सुजानपुर संधोल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। मार्ग कई स्थानों से बंद हो गया है। शनिवार रात्रि से रविवार लगातार बारिश होने के चलते लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर लोग जगह-जगह फंस गए। बजरोल गांव में सड़क के किनारे लगाया गया डंगा बह गया, जिसके चलते सड़क को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई जगह ल्हासे गिरे हैं। उधर, जल शक्ति विभाग की बौडू स्कीम में भी भारी बारिश के चलते पानी भर गया। उधर, सुजानपुर विधायक कैप्टन रंजीत सिंह खुद जगह-जगह मौके पर पहुंचकर रोड को क्लियर करवाने में जुटे रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *