मुंगेली | जिले के बांधा निवासी सुनील कश्यप ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा 2024 में 24वां स्थान प्राप्त कर उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयनित होकर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले सुनील शुरू से ही मेधावी रहे हैं। माता-पिता के निधन के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और कठिन परिस्थितियों को मात देते हुए लगातार परिश्रम किया। स्थानीय स्कूलों से शिक्षा हासिल करने के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रारंभ की और लक्ष्य पर केंद्रित रहते हुए यह सफलता अर्जित की। सुनील की उपलब्धि पर अशोक चंद्राकर ने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और सुनील ने साबित किया है कि संकल्प और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। रणजीत सिंह बघेल ने कहा कि सुनील जैसे युवा प्रशासनिक सेवाओं में आकर समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। सफलता की खबर मिलते ही बांधा गांव में खुशी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और कहा कि सुनील की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से हर मंजिल पाई जा सकती है।


