सुबह पुलिस को सौंपा, शाम को चोरी करते मिला:फाजिल्का में सीसीटीवी फुटेज देख लोगों ने पकड़ा था, सवाल- कुछ घंटे में कैसा छूटा

फाजिल्का में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति को लोगों ने पुलिस के हवाले किया, लेकिन उसी दिन देर शाम वह फिर चोरी करते पकड़ा गया। इस घटना ने स्थानीय लोगों को आक्रोशित कर दिया है और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। राजेश कुमार नामक एक दुकानदार ने बताया कि आरोपी युवक ने एक दिन पहले उनकी दुकान से तेल का कैन चुराया था, जिसकी फुटेज सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जब उन्हें पता चला कि वह युवक गौशाला रोड पर देखा गया है तो उन्होंने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया और कार्यवाही की मांग की। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि उसी दिन देर शाम को उसी युवक को थाने के नजदीक लोगों ने फिर चोरी के आरोप में पकड़ लिया। गुरदेव सिंह नामक एक अन्य दुकानदार ने बताया कि उस युवक ने उनकी दुकान से 10 हजार रुपए के हार चुराए थे। सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान हुई, जिसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सबसे बड़ा सवाल- चोर इतनी जल्दी बाहर कैसे आया स्थानीय लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस को सौंपे जाने के बाद वह युवक इतनी जल्दी बाहर कैसे आ गया। एक वीडियो में एक दुकानदार को आरोपी के कान पकड़कर खींचते हुए देखा जा सकता है, जबकि वह चिल्ला रहा है। थाना सिटी के एसएचओ सचिन कंबोज ने बताया कि आरोपी युवक की हालत ठीक नहीं थी, जिसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां से वह निकल गया, जिसके बाद लोगों ने उसे फिर से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। इस घटना ने फाजिल्का में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *