सुभानी खेड़गांव में विधायक को देख ग्रामीणों ने मांगी बुनियादी सुविधाएं

भास्कर न्यूज | दुर्गूकोंदल ग्राम कोड़े पंचायत के आश्रित ग्राम सुभानी खेड़ेगांव में पहली बार किसी विधायक का आगमन हुआ। भानुप्रतापपुर की विधायक सावित्री मंडावी के गांव पहुंचते ही ग्रामवासियों में उत्साह और भावुकता का माहौल देखने को मिला। नदी-नालों से घिरे इस दुर्गम क्षेत्र में आज तक न कोई विधायक और न ही कोई सांसद पहुंच पाया था। ऐसे में ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। ग्रामवासियों ने पेयजल, सड़क, बिजली और सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग विधायक के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अब तक पूरी तरह गांव तक नहीं पहुंच पाया है। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए निराकरण का आश्वासन दिया और 6.50 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। ग्राम में जय सेवा युवा कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। जनपद सदस्य धनसाय हुर्रा ने इसे गांव के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनेश नरेटी ने कहा कि विधायक के आगमन से विकास की नई उम्मीद जगी है। जनपद अध्यक्ष गोपी बढ़ाई ने वनांचल क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनेश नरेटी, जनपद अध्यक्ष गोपी बढ़ाई, विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, सरपंच प्रेम पुडो, मने सिंह सलाम, सोमनाथ नेताम, मुकेश गावड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *