सागर जिले की सुरखी विधानसभा में युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में क्रिकेट महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। क्रिकेट महाकुंभ का शुभारंभ गुरुवार दोपहर 2 बजे सुरखी के चक्र मैदान में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत करेंगे। यह क्रिकेट महाकुंभ सागर जिले समेत प्रदेश का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट है। जिसमें हजारों की संख्या में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और सैकडों टीमें खेलेंगी। क्रिकेट महाकुंभ 16 जनवरी से शुरू होकर आगामी 90 दिन तक चलेगा। इस दौरान सुरखी विधानसभा के 5 नगरों में मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन पांच स्थानों पर खेले जाएंगे मैच
क्रिकेट महाकुंभ के लिए सुरखी विधानसभा में पांच स्थानों को चिंहित किया गया है। जहां पर टूर्नामेंट के मैच खेले जाएंगे। इसमें सुरखी, राहतगढ़, बिलहरा, जैसीनगर और सीहोरा के खेल मैदानों को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। साथ ही क्रिकेट महाकुंभ का शुभारंभ सुरखी से होगा। जिसके बाद 17 जनवरी को राहतगढ़, 18 को बिलहरा, 19 को जैसीनगर और 20 जनवरी को सीहोरा मैदान पर शुभारंभ होगा। रिकॉर्ड बना चुका है यह आयोजन
यह क्रिकेट महाकुंभ अपनी भव्यता और विशाल भागीदारी के लिए पहचाना जाता है। इससे पहले इस आयोजन ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन में अपना नाम दर्ज कराया था। उस समय महाकुंभ में 9500 खिलाड़ियों और 610 टीमों ने भाग लिया था। इस बार भी इस आयोजन को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्य आकाश सिंह राजपूत ने बताया कि यह टूर्नामेंट सुरखी विधानसभा के उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर प्रदान करता है। यह खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच है। जिसमें वे अपने खेल का शानदार प्रदर्शन कर सुरखी विधानसभा का ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश का नाम भी रोशन करेंगे। इसमें एंट्री पूरी तरह से फ्री है।


