भास्कर न्यूज | गुमला झारखंड राज्य आंदोलनकारी चिन्हितिकरण आयोग द्वारा प्रकाशित सूची में कथित रूप से फर्जी व्यक्तियों के नाम शामिल होने से वास्तविक झारखंड राज्य आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है। इसी सूची के आधार पर जिला प्रशासन ने 24 जनवरी को आंदोलनकारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को आंदोलनकारियों ने उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित को लिखित आवेदन सौंपते हुए फर्जी आंदोलनकारियों के नाम सूची से हटाने और फर्जी तरीके से नाम प्रस्तावित करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि सूची के अवलोकन से स्पष्ट होता है कि कुछ ऐसे व्यक्तियों को आंदोलनकारी के रूप में चिह्नित किया गया है, जिनका झारखंड राज्य आंदोलन से कोई संबंध नहीं रहा है। रायडीह प्रखंड की सूची में क्रम संख्या 83 पर दर्ज संजय कुमार सिंह, पिता मदन मोहन सिंह, ग्राम नवागढ़ थाना रायडीह का नाम संदिग्ध है। जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति व उसके पिता मूल रूप से बिहार राज्य के निवासी रहे हैं और उनके पिता रायडीह प्रखंड कार्यालय में सरकारी कर्मचारी थे। ऐसे में उनके झारखंड आंदोलनकारी होने पर सवाल खड़े होते हैं। आंदोलनकारियों ने मांग की कि संदिग्ध रूप से चिह्नित सभी नामों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।


