गुना जिले के मधुसुदनगढ़ इलाके में सूदखोर की प्रताड़ना का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां 12 हजार रुपए के कर्ज के बदले एक युवक अपनी मूल रकम से दोगुने से ज्यादा पैसे चुका चुका है, फिर भी सूदखोर का पेट नहीं भरा। हद तो तब हो गई जब सूदखोर ने कर्ज माफी के बदले युवक से उसकी पत्नी को एक रात के लिए अपने पास भेजने की मांग कर दी। पीड़ित युवक ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि उसने मधुसुदनगढ़ तहसील के परवरिया निवासी राकेश कलावत से 12 हजार रुपए उधार लिए थे। इसके बदले में वह अब तक लगभग 42 हजार रुपए चुका चुका है। इसके बावजूद आरोपी राकेश उससे और पैसों की मांग कर रहा है। बाइक छीनी, बोला- पत्नी को भेज दे तो हिसाब बराबर पीड़ित ने बताया कि पैसे देने के बाद भी राकेश कलावत द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। जब पैसे नहीं बचे तो राकेश ने उसकी बाइक छीन ली। इसके बाद उसने घिनौनी शर्त रखते हुए कहा कि “एक रात के लिए अपनी पत्नी को मेरे पास भेज दे, तो पूरा कर्जा माफ मान लूंगा।” थाने में नहीं हुई सुनवाई युवक का आरोप है कि राकेश उसे लगातार मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देता है। परेशान होकर वह पहले स्थानीय थाने में गया था और आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। हारकर उसे जनसुनवाई में आना पड़ा। उसने अधिकारियों से सूदखोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।


