भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत जीएम कॉलोनी में स्थित शासकीय क्वार्टर में चोरी की घटना सामने आई है। इस संबंध में जीएम कॉम्पलेक्स पोड़ी निवासी 29 वर्षीय सौरभ सरकार ने पोड़ी थाना में चोरी करने वाले चोरों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। चोरी की यह घटना 1 और 2 फरवरी की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। सौरभ अपनी मां के साथ जीएम कॉलोनी के बी-टाइप क्वार्टर क्रमांक 26/101 में निवास करते हैं। 28 जनवरी शाम 5.30 बजे वे अपनी मां के आंख का इलाज कराने के लिए घर में ताला लगाकर कार से बिलासपुर स्थित कृष्णा आई हॉस्पिटल गए थे। 2 फरवरी रात 11 बजे पड़ोसी अजय कुमार ने फोन कर सूचना दी कि उनके क्वार्टर का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलने पर अजय कुमार ने मौके पर जाकर देखा तो पीछे के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और अंदर से क्वार्टर बंद था। साथ ही कमरे का रोशनदान भी टूटा पाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद 3 फरवरी को सौरभ बिलासपुर से वापस घर पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो सभी आलमारी खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने आलमारी में रखे 20 हजार रुपए नकद, सोने के कंगन, हार, चैन, लॉकेट, अंगूठियां, बालियां, चांदी के सिक्के, एक पुराना एमआई कंपनी का लैपटॉप और एक एचपी कंपनी का लैपटॉप चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 98 हजार रुपए बताई जा रही है।


