भास्कर न्यूज | सूरजपुर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल का सूरजपुर में स्वागत हुआ। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शशि सिंह के प्रथम कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सेवाकुंज में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर सियासी पारा गरमा दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने 5 वर्षों के कार्यकाल में 95 नई विकास योजनाओं के माध्यम से नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का काम किया था, लेकिन वर्तमान सरकार उन जनकल्याणकारी योजनाओं को साजिश के तहत बंद कर रही है। बघेल ने राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा, आज प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल है। विभागों में गड़बड़ी हो रही है और रोजगार की भर्तियां बंद पड़ी हैं। किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं, सभी आज आंदोलन के रास्ते पर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि आज किसान धान बेचने के लिए मंडियों और समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा को भी कमजोर किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष शशि सिंह के आह्वान पर भूपेश बघेल ने घोषणा की कि सूरजपुर जिले का अपना राजीव भवन जल्द तैयार किया जाएगा। भवन निर्माण की आधी राशि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी देगी और आधी स्थानीय सहयोग से जुटाई जाएगी। पूर्व सीएम ने स्वयं एक लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने सुनील अग्रवाल को राजीव भवन निर्माण समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भूपेश बघेल ने पूर्व मंत्री स्व. तुलेश्वर सिंह को याद किया और मंच से सभी पूर्व विधायकों व जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर नई जिलाध्यक्ष शशि सिंह का सहयोग करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।


