सूरजपुर में आगामी 10 मई 2025 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डी.एस. बघेल और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रतीक्षा अग्रवाल मौजूद रहे। इसके अलावा एक अन्य बैठक में राजस्व अधिकारी शिवानी जायसवाल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद सिंह और नगरपालिका के सीएमओ पीके शुक्ला सहित विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल हुए। लोक अदालत में राजस्व प्रकरणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय सूरजपुर, कुटुम्ब न्यायालय सूरजपुर, तालुका न्यायालय प्रतापपुर और जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में होगा। पक्षकारों की सुविधा के लिए भौतिक और वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग दोनों माध्यमों से सुनवाई की जाएगी। लोक अदालत में आपसी विवाद, व्यवहार वाद, मोटर दुर्घटना दावे, पारिवारिक विवाद और लंबे समय से लंबित राजस्व प्रकरणों का निपटारा किया जाएगा। इसके अलावा बैंक लोन, बकाया बिजली बिल और जल बिलों से जुड़े प्री-लिटिगेशन मामलों में पक्षकारों को नियमानुसार छूट दी जाएगी।


