भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब में नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत सिटी पुलिस ने वीरवार को बड़ी कार्रवाई की। ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत सेंट्रल जेल फताहपुर और गुरु की वडाली इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह की निगरानी में एडीसीपी सिटी-1 विशालजीत सिंह, स्थानीय पुलिस और जेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने सेंट्रल जेल फताहपुर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। जेल की बैरकों, आसपास के क्षेत्रों और बाहरी बाउंड्री वॉल के नजदीक के इलाकों की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर की देखरेख में एसीपी ईस्ट शिवदर्शन सिंह और एसीपी पारस गर्ग के नेतृत्व में थाना छेहर्टा के गुरु की वडाली इलाके में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन चलाया गया । पुलिस टीमों ने नशा तस्करों, स्मगलरों, जमानत पर बाहर आए अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच की। करीब 50 रिहायशी घरों की तलाशी ली गई और 53 वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर चेक कर उनकी मालिकी की पुष्टि की गई। सर्च ऑपरेशन के दौरान 10 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया, जबकि 4 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो पर्चे दर्ज किए गए। पुलिस अधिकारियों ने सर्च के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस 24 घंटे उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। साथ ही अपील की गई कि यदि किसी भी इलाके में नशा तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


