बीकानेर के महाजन फिल्ड फायरिंग रेंज में गश्त के दौरान सेना के जवानों ने संदिग्ध मानकर एक किसान की पिटाई कर दी। इस किसान का फायरिंग रेंज के पास ही खेत है, जहां वो अपने साथी के साथ जा रहा था। बाद में किसान ने इस बारे में पुलिस को परिवाद दिया कि उसके साथ मारपीट की गई है। घटना की जानकारी मिलने पर महाजन पुलिस भी मौके पर पहुंची। किसान राजाराम ने पुलिस को परिवाद दिया है कि उसके साथ सेना के जवानों ने मारपीट की। राजाराम गुरुवार की रात अपने खेत में जा रहा था। वो दो जने थे। इसी दौरान सेना के जवानों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। राजाराम के साथ चल रहा एक अन्य युवक तो वहां से भाग गया लेकिन राजाराम की पिटाई की गई। वो रात में अपना खेत संभालने के लिए गया था। शुक्रवार सुबह उसने इस बारे में महाजन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल भी की। आरोपहै कि दस-पंद्रह सेनिकों ने उसकी पिटाई की। इससे उसके सिर में चोट आई और कान के पास खून बहने लगा। सैनिकों के खिलाफ महाजन थाने में दिए परिवाद में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बाद में किसान को बीकानेर भेज दिया गया, जहां उसका मेडिकल मुआयना करवाया गया है। इस बारे में महाजन थानाधिकारी भजनलाल ने किसी भी तरह का परिवाद मिलने से इनकार किया लेकिन एडिशनल एसपी ग्रामीण बनवारी ने बताया कि परिवाद मिला है। इस बारे में पड़ताल की जा रही है। कंटेंट सपोर्ट : मुकेश रंगा, महाजन


