सेना व सुरक्षा बलों ने अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया

भास्कर न्यूज | हजारीबाग गणतंत्र दिवस को गारिमामय और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों ने शनिवार को कर्जन ग्राउंड में ठोस आकार ले लिया, जब सेना व सुरक्षा बलों की टुकडिय़ों ने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। सुबह से ही मैदान में देशभक्ति का माहौल छाया रहा और कदमताल की गूंज ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्च पास्ट की बारीकियों, टुकडिय़ों के तालमेल और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे जिले की सुदृढ़ प्रशासनिक व सुरक्षा व्यवस्था का प्रतीक बताया। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के साथ उन्होंने परेड की सलामी ली और कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि 26 जनवरी का समारोह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान के प्रति सम्मान का उत्सव है। उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, दर्शक दीर्घा, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन निर्बाध रूप से समारोह का आनंद ले सकें। फुल ड्रेस रिहर्सल ने यह संदेश दिया कि हजारीबाग गणतंत्र दिवस को पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *