सेमीफाइनल में 22 खिलाड़ियों ने दर्ज की जीत, पुरस्कार वितरण और फाइनल आज

भास्कर संवाददाता | गुना जिले में आयोजित 69वीं 14 वर्षीय बालक राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। 26 से 31 दिसंबर 2025 तक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित नोडल खेल केंद्र में चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के चौथे दिन मंगलवार को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। नोडल खेल केंद्र प्रभारी मनोज शर्मा एवं जिला बॉक्सिंग संघ गुना के सचिव अंकित देशमुख ने बताया कि सेशन-5 के अंतर्गत कुल 22 बाउट्स हुए, जिनमें 44 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से 22 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार सुबह से ही मुकाबलों की शुरुआत हो गई थी। विभिन्न वजन वर्गों में देश के अलग-अलग राज्यों एवं संगठनों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 28 से 30 किलो वर्ग में पंजाब के नितिन और तमिलनाडु के बजई सीलन, 30 से 32 किलो में राजस्थान के यश और तमिलनाडु के डी.एस. खवीन, जबकि 32 से 34 किलो वर्ग में राजस्थान के अंश और सीबीएससी वेलफेयर के लोकेश ने फाइनल में जगह बनाई। इसके अलावा हरियाणा, मणिपुर, असम, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने भी जीत दर्ज कर फाइनल में पहुॅचे । बुधवार को सेशन-6 में फाइनल के 11 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके आधार पर प्रथम और द्वितीय स्थान का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार सुबह 11 बजे आयोजित होगा। प्रतियोगिता के दौरान खेल प्रेमियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कोच के साथ टेकरी सरकार मंदिर व अन्य दर्शनीय स्थल देखने पहुंचे खिलाड़ी। फाइनल में पहुंचे विभिन्न वर्गों के खिलाड़ी सेमीफाइनल मुकाबलों में 34 से 36 किलो वर्ग में हरियाणा के निशांत और अरुणाचल प्रदेश के अगुंग नटुंग, 36 से 38 किलो में हरियाणा के रोहन और राजस्थान के छत्रपाल, 38 से 40 किलो में राजस्थान के अनुराज और सीबीएससी वेलफेयर के कुणाल ने जीत दर्ज की। वहीं 40 से 42 किलो में असम के आकाश बर्मन और राजस्थान के गौरव, 42 से 44 किलो में दिल्ली के वीर और मध्यप्रदेश के अमृत, 44 से 46 किलो में मणिपुर के ओनिम और हरियाणा के अक्षित, 46 से 48 किलो में दिल्ली के श्याम और उत्तरप्रदेश के इनशांत तथा 48 से 50 किलो वर्ग में अरुणाचल प्रदेश के समराना और मणिपुर के आई विश्वास ने फाइनल में प्रवेश किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *