सेवादार बोले- असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर आपसी भाईचारे में दरार डालने के उद्देश्य से की यह हरकत

भास्कर न्यूज | अमृतसर बटाला रोड स्थित सन सिटी इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हनुमान मंदिर के बाहर धार्मिक भावनाओं को भड़काने की एक साजिशन कोशिश सामने आई। मंदिर की बाहरी दीवार के पास कूड़े में श्री हरमंदर साहिब और शहीद बाबा दीप सिंह जी की तस्वीरें आपत्तिजनक हालत में पड़ी मिलीं। तस्वीरें मिलने की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटने लगे। सूचना मिलते ही विभिन्न निहंग सिख जत्थेबंदियां भी तुरंत मौके पर पहुंच गईं। निहंग सिंह जत्थेदार बाबा पवनदीप सिंह ने कहा कि यह घटना किसी भी धर्म की भावनाएं आहत करने वाली है। उन्होंने बताया कि गुरु साहिब से संबंधित तस्वीरों को पूरी मर्यादा और सम्मान के साथ उठाकर विधिवत संस्कार किया गया, ताकि किसी तरह का और विवाद न बढ़े। निहंग जत्थेदार के पहुंचते ही मंदिर के सेवादारों ने स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना में मंदिर प्रबंधन या सेवादारों की कोई भूमिका नहीं है। उनका कहना था कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर मंदिर की छवि धूमिल करने और आपसी भाईचारे में दरार डालने के उद्देश्य से यह हरकत की है। इसके बावजूद, यदि किसी समुदाय को ठेस पहुंची है तो वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं। मंदिर में पिछले 30 से 40 वर्षों से सेवा कर रहे भारत भूषण ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मंदिर की दीवारें अपेक्षाकृत नीची हैं, जिसका फायदा उठाकर कोई भी शरारती तत्व अंदर या बाहर से इस तरह की हरकत कर सकता है। उन्होंने इसे मंदिर और इलाके की सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बताया। भारत भूषण ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएंगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी तुरंत जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *