भास्कर न्यूज | कोलेबिरा थाना क्षेत्र के कोलेबिरा एसएस प्लस टू हाई स्कूल के समीप चोरी की वारदात सामने आई है। प्लस टू स्कूल के समीप बलबीर प्रधान के घर के पास खड़ी एक बोलेरो पिकअप गाड़ी को चोर ने बुधवार की रात 11.47 बजे चुरा लिया। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि बुधवार रात्रि एक युवक आया और गाड़ी को देखने लगा। इसके बाद युवक चला गया। फिर दोबारा वह युवक आया और रात्रि लगभग 11:46 में गाड़ी को कोलेबिरा रण बहादुर सिंह चौक की तरफ ले भागा। गाड़ी के पीछे और एक दूसरी पिकअप चोरी की गाड़ी के पीछे निकली। लोगों को अंदेशा है की चोर इसी पिकअप वाहन से आए होंगे पिकअप के मालिक बलबीर प्रधान ने बताया कि उन्होंने शाम 7 के लगभग अपनी गाड़ी घर के सामने खड़ी की थी। सुबह जब उन्हें चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वही थाना से महज 900 मीटर पॉश इलाके में चोरी की घटना को अंजाम को लेकर लोगों का कहना है कि इन दोनों कोलेबिरा में चोरों का आतंक है। बोलेरो पिकअप चोरी के अलावा लगातार चोरों द्वारा मवेशियों की चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। चोरी की घटना को लेकर लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कोलेबिरा थाना प्रभारी शशि शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और चोरों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। टेक्निकल टीम भी काम कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और चोरी की गई पिकअप को बरामद कर लिया जाएगा। भास्कर न्यूज | सिमडेगा ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता और पाकिस्तान की करारी हार से सिमडेगा वासी खासे उत्साहित हैं। जिले वासी भारतीय सेना के पराक्रम की मुक्तकंठ से प्रशंसा कर रहे हैं। लोगों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे हैं। पूर्व सैनिकों के संगठन वेटरन आर्गेनाइजेशन ऑफ़ इंडिया के सिमडेगा जिलाध्यक्ष विष्णु महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि पाकिस्तान पर ऐसी कार्रवाई होगी जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की होगी, प्रधानमंत्री ने ऐसा करके दिखाया है। विष्णु महतो ने कहा कि देश की पराक्रमी सेना पर उन्हें गर्व है। वहीं पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर सैनिक विजय सोरेंग की पत्नी विमला देवी ने कहा कि पाकिस्तान बहुत लंबे समय से ऐसी हरकतें करता आ रहा है। इस बार उसे कड़ा जवाब मिला है और इससे उनके पति की आत्मा को भी शांति मिली होगी।वायुसेना के पूर्व सार्जेंट चंदन डे ने कहा कि भारतीय सेना की वीरता की कोई सानी नहीं है। सेना ने जिस तरीके से आतंकवादियों का सफाया किया है, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन बहुत ही अनुशासित तरीके से और ऊंचे मनोबल के साथ हुआ है। कहा कि सेना शांति के समय जो पसीना बहाती है और कड़ी मेहनत करती है, वही मेहनत और दक्षता युद्ध के समय मे काम आती है।ब्रिलिएंट्स हाई स्कूल के प्राचार्य गोरखनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन से देशवासियों का मनोबल ऊंचा हुआ है। प्राचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत में यह संदेश दे दिया है की जो हमें आंखें दिखाएगा हम उसका कड़ा जवाब देने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पानी और खून एक साथ नहीं बहने देने की बात कही है, यह बिल्कुल सही है।ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान को करारा जवाब दिए जाने से बच्चे भी खासे उत्साहित हैं। सैफ और रेखा ने कहा कि सेना ने जो बहादुरी दिखाई है, उससे वे बहुत खुश हैं।


