पुराने शहर के बाजारों में अतिक्रमण हटाने को लेकर सोमवार से अनाउंसमेंट शुरू होंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि ग्राहक इस क्षेत्र की परेशानियों के कारण इन बाजारों में आने से कतराने लगे हैं। इन्ही मुद्दों को लेकर शुक्रवार दोपहर सांसद आलोक शर्मा ने बैठक लेकर अफसरों से कहा कि हर अच्छाई आपके खाते में, बुराई मैं लेने को तैयार हूं। बस अतिक्रमण हटना चाहिए। कलेक्टोरेट में हुई बैठक में निगम कमिश्नर, एडीएम, एसडीएम, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित अफसर भी शामिल हुए। यह बैठक पुराने शहर के बाजारों के व्यापारियों की ओर से सांसद को दिए ज्ञापन के बाद बुलाई गई थी। इसमें व्यापारियों ने अतिक्रमण, गिरते कारोबार, ट्रैफिक जाम, मस्जिद के सामने अवैध वसूली, दुकानों के सामने शटर और नालियों की जगह किराए पर देने जैसी शिकायतें की थीं। सांसद ने अफसरों को निर्देश दिए कि सोमवार से दो-तीन दिन तक अनाउंसमेंट करवाएं। यह अनाउंसमेंट चौक बाजार, सराफा बाजार, लखेरापुरा, इब्राहिमपुरा, आजाद मार्केट, लोहा बाजार और हनुमानगंज समेत पूरे इलाके में होंगे। इसके बाद यहां से अतिक्रमण हटाए जाएंगे।


